17 जनवरी को साउथ सुपरस्टार नागार्जुन जाने वाले थे मालदीव, ट्रिप की कैंसिल, जाने पूरा मामला

भारत और मालदीव के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार बॉयकॉट मालदीव ट्रेंड कर रहा है। अभी तक कई बॉलीवुड हस्तियों ने इस विवाद पर अपनी राय दी है। बॉलीवुड सितारों के बाद साउथ के जाने माने सुपरस्टार नागार्जुन भी इसमें शामिल हो गए हैं।

नागार्जुन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मालदीव ट्रिप को कैंसिल करने की वजह पर बात कर रहे हैं। नागार्जुन का यह वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उनकी तारीफ कर रहे हैं।

17 जनवरी को मालदीव जाने वाले थे नागार्जुन

नागार्जुन के सामने आए इस वीडियो में वह अपने मालदीव ट्रिप के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा 'मैं 17 जनवरी को मालदीव छुट्टियां मनाने जाने वाला था, क्योंकि मैं परिवार के लिए समय नहीं निकाल सकता था। लंबे समय से मैं ‘ना सामी रंगा’ और ‘बिग बॉस’ में व्यस्त था और बीते 75 दिनों से कोई ब्रेक नहीं लिया था।'

इसके आगे उन्होंने कहा लेकिन अब मैंने मालदीव के टिकट कैंसिल कर दिए हैं और अब अगले हफ्ते लक्षद्वीप जाने की प्लानिंग कर रहा हूं। मालदीव के मंत्रियों ने जो हमारे प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणियां कीं, वो आपत्तिजनक थीं।  उन्हें कीमत चुकानी पड़ेगी। पीएम मोदी 1.5 अरब लोगों के नेता हैं और दुनिया भर में उनका बहुत सम्मान किया जाता है।

क्या है भारत-मालदीव विवाद

भारत और मालदीव के बीच यह तनाव तब शुरू हुआ जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप दौरे पर गए थे। पीएम मोदी ने लक्षद्वीप दौरे की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं और देशवासियों से यह अपील की थी कि लक्षद्वीप की यात्रा करें। लक्षद्वीप टूरिज्म को प्रमोट करना मालदीव के कुछ नेताओं को रास नहीं आया और उन्होंने पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद इस विवाद ने तूल पकड़ लिया।

नागार्जुन का वर्क फ्रंट

नागार्जुन के वर्क फ्रंट की बात करें, तो सुपरस्टार की फिल्म ‘ना सामी रंगा’ जल्द ही रिलीज होने वाली है। यह फिल्म मलयालम मूवी का रीमेक है। इससे पहले सुपरस्टार नागार्जुन फिल्म 'द घोस्ट’ में नजर आए थे, जो पर्दे पर कुछ कमाल नहीं दिखा पाई थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *