प्रदेश युवा कांग्रेस जल्द जारी करेगी नई कार्यकारिणी

भोपाल । हाल ही में विक्रांत भूरिया की जगह मितेंद्र सिंह यादव मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस का अध्यक्ष मनोनीत किया है। इसके बाद से वह लगातार संगठन के पदाधिकारों से बात कर रहे हैं। दो दिन तक राजधानी भोपाल में एक-एक कर सभी से बात कर आगे की रणनीति तैयार की है।
मितेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द ही नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। नई कार्यकारिणी में नए लोगों और संगठन के लिए कम करने वालों को मौका दिया जाएगा। लोकसभा चुनाव के कारण यादव ने प्रदेश कार्यकारिणी भंग नहीं की पर अब नए सिरे से संगठन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मितेंद्र सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर जिला और विधानसभा अध्यक्षों से उन्होंने अलग-अलग भेंट की और संगठन में कसावट के लिए सुझाव मांगे।

कार्यकारी अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष भी बदले जाएंगे
आने वाले दो महीने के भीतर युवा कांग्रेस बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर अब कार्यकारी अध्यक्ष की व्यवस्था अब नहीं रहेगी। पूर्णकालिक अध्यक्ष ही मनोनीत किए जाएंगे। यह व्यवस्था नाराज कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने और जो अध्यक्ष संगठन की कसौटी पर खरे नहीं उतरते थे, उनके विकल्प के तौर पर बनाई गई थी। मितेंद्र सिंह का कहना है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव होने के बाद अब संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी दो माह के भीतर करने की तैयारी है। वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष की व्यवस्था हर स्तर पर समाप्त कर दी जाएगी, जिन जिला और विधानसभा स्तरीय इकाइयों के अध्यक्षों की चुनावों में सक्रियता नहीं रही और संगठन द्वारा दिए गए लक्ष्यों की पूर्ति भी नहीं की, उन्हें हटा दिया जाएगा। इनके स्थान पर नए चेहरे आगे लाए जाएंगे। मीडिया से लेकर अन्य विभाग एवं प्रकोष्ठ गठित होंगे।

कॉलेज में चुनाव कराने के लिए सरकार पर बनाएंगे दबाव
नितेंद्र सिंह ने कहा है कि सालों से विश्वविद्यालय में चुनाव नहीं हुए हैं, जिससे कॉलेज से युवाओं को मौका नहीं मिल रहा है। अब संगठन कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर चुनाव कराने के लिए सरकार पर दबाव भी बनाएगा। प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद से सरकार ने चुनाव नहीं कराए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उच्च शिक्षा मंत्री रहते चुनाव कराने की घोषणा की थी। इसे उन्हें याद दिलाया जाएगा। विधानसभा के आगामी सत्र में भी इस विषय को उठवाया जाएगा।

काम नहीं करने वालों की होगी छुट्टी
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र सिंह यादव का कहना है कि जो संगठन की मंशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं करेगा, वह पद पर भी नहीं रहेगा। युवा कांग्रेस में अब काम करने वाले युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया जाएगा। नई टीम जल्द ही गठित की जाएगी। प्रदेश से लेकर विधानसभा स्तर तक नए पदाधिकारी मनोनीत किए जाएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *