सनी देओल ने महू में सैनिकों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

महू ।   महू आर्मी क्षेत्र के इन्फेंट्री म्यूजियम में 77वें स्वतंत्रता दिवस पर अभिनेता सनी देओल ने झंडावंदन किया। साथ ही सेना अधिकारियों से भी बातचीत की। इस दौरान सेना के जवानों और उनके परिवारों के साथ भी सनी देओल ने सेल्फी भी ली। इस दौरान सनी देओल ने सैनिकों से भी मुलाकात की। उन्होंने महू इन्फेंट्री म्यूजियम पहुंचकर सेना के वेपंस का मुआयना किया। साथ ही म्यूजियम का भी अवलोकन किया। सनी देओल इन्फेंट्री म्यूजियम में सुबह करीब 8.30 बजे पहुंचे। जहां सबसे पहले उन्होंने झंडा वंदन की प्रक्रिया के लिए अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद बटन दबाकर झंडावंदन किया। अपने प्रवास के दौरान वह गदर-2 की वेषभूषा में ही नजर आए।

झंडा वंदन होने के बाद सन्नी देओल ने देश के पहले इन्फेंट्री म्यूजियम का भी दौरा किया। इस दौरान सेना के अधिकारी जानकारी देते रहे। इसके बाद म्यूजियम के बाहर उद्यान में लगी हथियारों को प्रदर्शनी में पहुंचे। जहां उन्हें रॉकेट लॉन्चर, सेमी आटोमैटिक मशीन गन, स्नाइपर, ग्रेनेड और अन्य हथियारों को देखा और उनके बारे में जाना। गदर के तारा सिंह इसके बाद इंदौर में एक स्कूल के स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पहुंचे। यहां पर उन्होंने स्कूली बच्चों का जोश बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने मैं निकला गड्डी लेकर गाने पर बच्चों के साथ डांस भी किया। बच्चों की फरमाइश पर उन्होंने गदर-2 के कुछ डायलाग भी सुनाए। इससे पहले सुबह जैसे ही सनी देओल इंदौर एयरपोर्ट पर उतरे, तो भारत माता की जय के नारों के साथ प्रशंसकों ने उनका स्वागत किया।

हाल ही में सनी देओल की नई फिल्म गदर-2 देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। प्रदर्शन के पहले ही दिन गदर-2 ने 40 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग की थी। देश भर में इस फिल्म को जबर्दस्त प्रतिसाद मिल रहा है। प्रशंसक सनी देओल को इस फिल्म में काफी पसंद कर रहे हैं। गदर-2 ने कलेक्शन के मामले में साथ ही रिलीज हुई अक्षय कुमार की ओएमजी-2 को काफी पीछे छोड़ दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *