कई जिलों में आज रहेगा शीतल दिन, कोहरे का भी अनुमान

भोपाल । अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई संभाग के जिलों में घना कोहरा छाए रहने के साथ शीतल दिन की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को भी सबसे शीतल दिन रिकार्ड किया गया।  पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी क्षेत्र से आ रही हवाओं के कारण मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सुबह-सुबह कोहरा, बादल छाया रहा पर जैसे ही बादल हटें उत्तरी सर्द हवा के झोंके ने ठंडक बढ़ा दी। बर्फीली हवा दिन भर लोगों को ठिठुराती रही। ठंड से बचने लोग दिन मे भी गर्म कपड़े पहन कर निकलने विवश रहे। वहीं रात में भी सर्द हवा ठिठुराती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे ऐसी ही ठंडक बनी रहेगी, तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है जबकि 21 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। उत्तरी हवा के फेर में तापमान में गिरावट का दौर देखा जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री कम होकर 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड से बचने लोग रात में अलाव का सहारा लेते दिखे। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मौसम विज्ञानी देवेंद्र तिवारी ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बांग्लादेश में अलग-अलग तीन चक्रवाती घेरे बने हुए हैं, कर्नाटक से विदर्भ तक एक द्रोणिका गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से उत्तर से आ रही सर्द हवा के साथ नमी भी आ रही है। इसके असर से वातावरण में ठंडक घुल रही है अगले 24 घंटे तक ऐसी ही ठंडक बनी रहेगी 21 जनवरी के बाद ही ठंड से थोड़ी राहत मिल सकेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *