Trisha और थलपति Vijay का रिश्ता: एक्ट्रेस ने कहा था- वो मेरा घर, हमारे बीच एक जैसा प्यार और सुकून
एक तरफ जहां थलपति विजय ने तमिलनाडु के चुनावी मैदान में ऐतिहासिक जीत पाई और अपने नाम का बिगुल बजा दिया, वहीं दूसरी ओर, उनकी खास दोस्त और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन की भी चर्चा होने लगी। विजय की ऐतिहासिक जीत के बाद तृषा उनसे मिलने उनके घर पहुंची थीं, और उससे पहले दर्शन के लिए तिरुपति के बालाजी मंदिर गई थीं। तृषा कृष्णन का थलपति विजय के साथ करियर की शुरुआत से ही खास रिश्ता और दोस्ती रही है। उन्होंने एक बार एक्टर को अपना ‘घर’ बताया था, और कहा था कि उनके बीच एक-दूसरे के लिए समान रूप से प्यार, दोस्ती और कंफर्ट लेवल है।
तृषा कृष्णन और थलपति विजय ने करीब पांच फिल्मों में साथ काम किया और वो सभी हिट रहीं। दोनों की जोड़ी को साउथ सिनेमा की सुपरहिट जोड़ियों में से एक माना जाता है। तृषा और विजय जब एक बार एक्ट्रेस अनु हासन के चैट शो ‘कॉफी विद अनु’ में नजर आए थे, तो एक्ट्रेस ने विजय के बारे में कई सारी बातें बताई थीं। तृषा ने बताया था कि सेट पर थलपति विजय कैसे थे और उनके साथ फिल्मों में काम करने का उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ा।
तृषा ने बताया था फिल्म के सेट पर कैसे रहते थे थलपति विजय
तृषा कृष्णन और थलपति विजय ने साल 2004 में पहली बार फिल्म ‘घिल्ली’ में काम किया था और यह सुपरहिट रही। इसके बाद उन्होंने साथ में जो भी फिल्म की, वो हिट रही। तृषा ने बताया था कि सेट पर जहां पूरी कास्ट और क्रू शॉट के बीच वक्त मिलने पर एक-दूसरे के साथ घुलते-मिलते, बातें करते नजर आते थे, वहीं विजय एक कोना ढूंढकर वहां दीवार की तरफ मुंह करके घंटों तक बैठे रहते थे। तृषा बोली थीं, ‘वह सेट पर कहीं कोई कोना ढूंढ लेते, दीवार की तरफ मुंह करके बैठ जाते और घंटों वहीं बैठे रहते थे। वह हमेशा शांत रहते रहे थे और सेट पर ज्यादा बात नहीं करते थे।’ इस पर विजय ने जवाब दिया था कि वह घंटों खाली नहीं बैठे रहते थे बल्कि अपने अगले शूट के बारे में सोचते थे कि क्या और कैसे करना है।
विजय के साथ शुरू में नहीं था तालमेल, फिर बने अच्छे दोस्त
तृषा ने बताया कि शुरुआत में वह जब थलपति विजय से मिली थीं, तो उनसे कनेक्ट नहीं कर पाई थीं। उनके बीच कोई मेल नहीं था, पर फिर बाद में दोस्ती हो गई। तृषा कृष्णन ने बताया था, ‘जब हमने ‘घिल्ली’ में साथ काम शुरू किया, तब मेरा उससे कोई खास तालमेल नहीं था क्योंकि सब जानते हैं कि विजय बहुत शांत स्वभाव के इंसान हैं। बहुत ही अंतर्मुखी हैं। सेट पर आते हैं, और अपना काम करते हैं। लेकिन ‘घिल्ली’ की टीम की बदौलत हम बहुत अच्छे दोस्त बन गए।’
‘विजय हमेशा मेरे लिए खास रहेंगे’
इसके बाद से तृषा कृष्णन और थलपति विजय की दोस्ती गहरी होती चली गई। दोनों ने साथ में ‘थिरुपाची’, ‘आथी’, ‘कुरुवि’ और ‘लियो’ जैसी फिल्मों में काम किया। एक्ट्रेस ने विजय की तारीफों के कसीदे पढ़ते हुए कहा था, ‘विजय मेरे लिए हमेशा बहुत खास रहेंगे क्योंकि वो मेरे वो को-स्टार हैं, जिनके साथ मैंने कई बड़ी हिट फिल्में दी हैं। मैंने उन्हें कभी आपा खोते नहीं देखा। वो सेट पर बेहद प्रोफेशनल हैं, अपना काम करते हैं। वह एक ऐसे इंसान हैं, जिन्हें याद करके आप हमेशा कहेंगे कि भई वो एक ऐसे इंसान हैं, जिन्हें मैं हमेशा पसंद करूंगा, और विजय उन्हीं में से एक हैं।’
‘घर कोई जगह नहीं, बल्कि एक इंसान होता है’
फिर जब तृषा कृष्णन और थलपति विजय साल 2023 में ‘लियो’ में साथ नजर आए, तो भी एक्ट्रेस की उनके लिए वही भावनाएं रहीं जो सालों से थीं। ‘लियो’ की सक्सेस मीट में तृषा ने खचाखच भरे ऑडिटोरियम में विजय के लिए कहा था कि उनके साथ काम करना ऐसा लगा जैसे बरसों बात किसी स्कूल के दोस्त के साथ काम कर रही हैं। तृषा कृष्णन बोली थीं, ‘हमारे बीच उसी सहजता, प्यार और दोस्ती का भाव था। अपने 20 साल के करियर में, किसी को-स्टार के साथ मेरा सबसे लंबा रिश्ता विजय के साथ ही रहा है। कहते हैं ना, घर कोई जगह नहीं, बल्कि एक इंसान होता है।’
