भोपाल के खेत में गाय काटने वाले दो गिरफ्तार:कार से रेकी कर गो-तस्करी की वारदातों को अंजाम देते थे
भोपाल, भोपाल के सुखीसेवनिया में खेत में गो-तस्करी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि 26 अप्रैल को फरियादी कालूराम पहुंचे और उन्होंने अपनी दो गाय चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की। 72 घंटे की सर्चिंग के दौरान पुलिस को एक खेत के अंदर गोमांस और उसके कुछ अवशेष मिले।
एसपी देहात रामशरण प्रजापति का कहना है कि पुलिस टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी माज और अमन भोपाल के ही निवासी हैं और लंबे समय से गाय के मांस की तस्करी कर रहे थे। इनके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं, जो इनके परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पूरी टीम के साथ ग्रामीण इलाकों से गाय चोरी करते थे और उसका मांस कम दामों में बेच देते थे। फिलहाल पुलिस ने फरार आरोपियों पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से एक होंडा सिटी कार और मांस काटने के औजार जब्त किए गए हैं।
