रणजी ट्रॉफी में उमेश यादव का कहर, शिवम दुबे ने खेली शानदार पारी 

रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड की शुरुआत शुक्रवार को हुई। इस राउंड के पहले दिन भी कुल मिलाकर 19 मैच खेले जा रहे हैं। इसमें ग्रुप ए, बी, सी, डी के चार-चार और प्लेट ग्रुप के तीन मुकाबले आयोजित किए हैं।

भारतीय टीम से बाहर चल रहे विदर्भ के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने जबरदस्त गेंदबाजी की। उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ कहर बरपाया। उमेश ने 4 विकेट झटके। वहीं, मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे फ्लॉप रहे और शून्य पर आउट हए। शिवम दुबे ने शानदार अर्धशतक बनाया। हैदराबाद के तिलक वर्मा ने भी तूफानी पारी खेली।

आइए नजर डालते हैं रणजी ट्रॉफी राउंड अप पर:

एलिट, ग्रुप ए

विदर्भ के खिलाफ सौराष्ट्र ने 206 का स्कोर बनाया, जिसमें चेतेश्वर पुजारा के 43 रन का योगदान दिया। इसके जवाब में विदर्भ ने चार विकेट के नुकसान पर 26 रन बना लिए हैं।

सर्विसेज के खिलाफ झारखंड ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 195 का स्कोर बना लिया था। कप्तान विराट सिंह 85 और कुमार कुशाग्र 69 रन बनाकर नाबाद लौटे।

राजस्थान के खिलाफ महाराष्ट्र ने अपनी पहली पारी में 182 का स्कोर बनाया। कप्तान केदार जाधव ने 42 रनों की पारी खेली। वहीं, कुकना अजय सिंह ने 5 विकेट चटकाए। इसके जवाब में राजस्थान ने 2 विकेट खोकर 110 का स्कोर बना लिया था। करण लाम्बा 45 और दीपक हूडा 36 रन बनाकर नाबाद लौटे।

मणिपुर के खिलाफ हरियाणा ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 391 का स्कोर बना लिया था, हिमांशु राणा 193 रन बनाकर नाबाद लौटे।

एलिट, ग्रुप बी

असम के खिलाफ आंध्रा की पहली पारी 188 पर सिमट गई। राहुल सिंह ने 6 विकेट झटके। इसके जवाब में असम ने बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए हैं।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ बंगाल ने चार विकेट के नुकसान पर 206 का स्कोर बनाया। अनुस्तुप मजूमदार 55 और अभिषेक पोरेल 47 रन बनाकर नाबाद लौटे।

केरल के खिलाफ मुंबई की पहली पारी 251 के स्कोर पर सिमट गई। शिवम दुबे ने 51 और तनुष कोटियन ने 56 रनों की पारी खेली। श्रेयस गोपाल ने 4 विकेट चटकाए।

उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच पहले दिन का खेल खराब रोशनी के कारण नहीं खेला जा सका।

एलिट, ग्रुप सी

कर्नाटक के खिलाफ गोवा ने पहले दिन 8 विकेट के नुकसान पर 228 का स्कोर बनाया। स्नेहल कौटंकार ने सबसे ज्यादा 83 रनों का योगदान दिया।

पंजाब और त्रिपुरा के बीच खराब रोशनी के कारण पहले दिन का खेल नहीं सका।

रेलवे के खिलाफ तमिलनाडु ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 286 का स्कोर बनाया। नारायण जगदीसन ने नाबाद 155 रन बनाए।

चंडीगढ़ और गुजरात के बीच भी पहले दिन का खेल खराब रोशनी की भेंट चढ़ गया।

एलिट, ग्रुप डी

जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ ओडिशा की पहली पारी 130 के स्कोर पर सिमट गई। रोहित शर्मा ने 5 और उमरान मलिक ने 2 विकेट चटकाए। जवाबी पारी खेलते हुए जम्मू एंड कश्मीर ने 45 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।

दिल्ली के खिलाफ मध्य प्रदेश की पारी 171 पर सिमट गई। हिमांशु चौहान ने 5 विकेट लिए। जवाब में दिल्ली ने 86/2 का स्कोर बनाया है।

उत्तराखंड के खिलाफ पांडिचेरी ने 204 का स्कोर बनाया, जवाब में उत्तराखंड ने 5 ओवर में 1/1 का स्कोर बना लिया था।

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ बड़ौदा ने 342/4 का स्कोर बना लिया था। शाश्वत रावत 167 और शिवालिक शर्मा 112 रन बनाकर नाबाद लौटे।

प्लेट ग्रुप

हैदराबाद के खिलाफ सिक्किम की पहली पारी 79 पर सिमट गई। तनय त्यागराजन ने 6 विकेट लिए। जवाबी पारी में हैदराबाद ने 381/3 का स्कोर बना लिया था। तन्मय अग्रवाल ने 137 रनों की पारी खेली। वहीं तिलक वर्मा 66 गेंद में 70 रन बनाकर नाबाद लौटे।

मेघालय के खिलाफ नागालैंड की टीम 72 का स्कोर बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में मेघालय ने 196/7 का स्कोर बनाकर 124 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

मिजोरम के खिलाफ अरुणाचल प्रदेश ने 256/6 का स्कोर बनाया। तेशी टीकू 53 रन बनाकर नाबाद लौटे।
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *