Indian Idol 16 के जज से हटाए गए विशाल ददलानी! सिंगर ने दिखाया सच, NEET पेपर लीक पर मंत्रियों को घेरा था
NEET पेपर लीक विवाद पर अपने कमेंट के कारण विशाल ददलानी को ‘इंडियन आइडल 16’ से निकाले जाने की खबरों से सोशल मीडिया भर गया था, जिसके बाद अब सिंगर ने चुप्पी तोड़ी है। विशाल ने रियलिटी शो के सेट से एक मजाकिया वीडियो के जरिए इन अफवाहों का सीधा जवाब दिया है।
यह अटकलें तब शुरू हुईं जब विशाल ने NEET-UG पेपर लीक विवाद से निपटने के तरीके की आलोचना करते हुए और लोगों से शिक्षित नेताओं को चुनने का आग्रह करते हुए एक तीखा वीडियो पोस्ट किया। इसके तुरंत बाद, कई सोशल मीडिया पेजों ने दावा करना शुरू कर दिया कि इंडियन आइडल के मेकर्स ने उनकी राजनीतिक टिप्पणियों के कारण उन्हें जजों के पैनल से हटा दिया है।
विशाल ददलानी ने तोड़ी चुप्पी
इन दावों पर रिएक्ट करते हुए, विशाल ददलानी ने इंस्टाग्राम पर ‘इंडियन आइडल’ के सेट से एक वीडियो शेयर किया। कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘याद रखें, ऑनलाइन जो कुछ भी देखें उस पर भरोसा न करें। बहुत सारा हेरफेर चल रहा है। सही के लिए लड़ते रहें, और जो कहना जरूरी है वह कहते रहें!’ इस वीडियो क्लिप में विशाल को पहले रोने का नाटक करते हुए देखा गया, फिर अचानक वह जोर से हंसने लगे और इंडियन आइडल के सेट पर खड़े होकर बोले, ‘मैं यहां हूं, बेबी!’
‘इंडियन आइडल’ से हटे विशाल ददलानी?
यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई, जहां कई यूजर्स ने सिंगर की तारीफ की, वहीं कुछ लोगों ने उनके बेबाक राजनीतिक विचारों पर चर्चा जारी रखी। एक यूजर ने कमेंट किया- हमेशा की तरह, एकदम ताजा और बेहद जरूरी ज्ञान की बातें! दूसरे ने लिखा- दोस्तों ये जोक बिल्कुल सटीक है। तीसरे यूजर ने कहा- आप बॉलीवुड इंडस्ट्री में इकलौते ऐसे व्यक्ति हैं जो खुलकर सरकार की आलोचना करते हैं… बाकी सब तो आपके दोस्त हैं। आप उन्हें भी क्यों नहीं लताड़ते और उनसे भी देश के लिए कुछ करने को क्यों नहीं कहते?
NEET-UG परीक्षा विवाद पर बोले सिंगर
इससे पहले, विशाल ने NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक विवाद से प्रभावित छात्रों का सपोर्ट करते हुए एक वीडियो शेयर किया था। बार-बार हो रहे परीक्षा लीक और अधिकारियों की प्रतिक्रिया की आलोचना करते हुए सिंगर ने कहा, ‘मैं यह वीडियो इसलिए बना रहा हूं – मैं NEET परीक्षा के पेपर लीक से आहत छात्रों के प्रति अपना समर्थन और एकजुटता व्यक्त करना चाहता हूं।’
‘सत्ता में बैठे लोग शिक्षित नहीं’
उन्होंने आगे कहा, ‘सत्ता में बैठे लोग शिक्षित नहीं हैं। इससे भारत बर्बाद हो जाएगा। चाहे आपको पसंद हो या न हो, चाहे अच्छा लगे या बुरा, यही सच्चाई है। कृपया, यदि संभव हो, तो बेहतर लोगों को चुनें, अच्छे, शिक्षित लोगों को वोट दें।’
विशाल ने खुलकर की कड़ी आलोचना
इसी वीडियो में विशाल ने लोगों से जाति या धर्म के आधार पर मतदान न करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘अगर आप अपना और इस देश का भविष्य सुरक्षित करना चाहते हैं, तो हमें बेहतर लोगों को चुनना होगा। कृपया इन अज्ञानी गुंडों को सत्ता में न आने दें, चाहे वे आपकी जाति या परिवार के ही क्यों न हों। कृपया उन्हें वोट न दें। बहुत हो गया। भाई, इस देश का क्या हाल हो रहा है?’
