‘हमारे कई मिसकैरेज हुए’, गुरमीत और देबिना ने बताया 11 साल बाद हुईं बेटियां, बोले- डॉक्टर्स ने हार मान ली थी
टेलीविजन के मशहूर कपल गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी कई मिसकैरेज के दौर से गुजर चुके हैं और ये बात उन्होंने कई बार बताई भी है। एख बार फिर वे अपने कठिन समय को याद करते हुए भावुक हो उठे। यह कपल राजीव खंडेलवाल के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो ‘तुम हो ना’ में शिरकत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
होस्ट चैनल द्वारा सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए प्रोमो में, गुरमीत चौधरी अपने माता-पिता बनने के लंबे और कठिन सफर के बारे में बात करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, ‘हमारी शादी को 10-11 साल के बाद बेटियां हुईं, कई बार मिसकैरेज हुआ और बहुत कोशिश की, हमने सब डॉक्टरों ने मना कर दिया था कि कुछ नहीं हो सकता, 10-11 साल के बाद हमारी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं।’
दो बेटियों के माता-पिता हैं दोनों
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि यह कपल अब दो बेटियों, लियाना और दिविशा के माता-पिता हैं, जिनका जन्म 2022 में हुआ था। लियाना का जन्म सरोगेसी के जरिए हुआ था, जबकि दिविशा को देबिना ने नैचुरली प्रेग्नेंसी से कंसीव किया था।
गुरमीत और देबिना की मुलाकात
गुरमीत और देबिना की पहली मुलाकात 2004 में एक टैलेंट शो के दौरान हुई थी और उसके बाद उन्होंने कई रियलिटी शो में एक साथ काम किया। 2008 में प्रसारित टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम और देवी सीता का किरदार निभाने के लिए मशहूर इस जोड़ी को शो की अपार लोकप्रियता के बाद घर-घर में पहचान मिली।
हमेशा दिखाते हैं प्यार
गुरमीत चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमेशा देबिना के प्रति अपना प्यार जाहिर किया है। कुछ दिन पहले, उन्होंने देबिना के लिए एक प्यारा सा मैसेज शेयर किया था, जिसे उन्होंने अपनी आज की सफलता का श्रेय दिया।
गुरमीत और देबिना का पोस्ट
गुरमीत ने देबिना के साथ अपना एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में दोनों हाथ पकड़े हुए चलते हुए दिखाई दे रहे हैं और साथ में लिखा है, ‘पहले दिन से ही बेहतरीन… वो मुझे पूरा करती है।’ कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘देबीना, मेरी आज की सारी उपलब्धियों की वजह! #गुरबीना।’ गुरमीत और देबीना की बात करें तो, वे हाल ही में ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ और ‘पति पत्नी और पंगा’ में नजर आए थे।
