अशोक चव्हाण को जेल भेजने का वादा कब पूरा होगा, कांग्रेस ने पीएम मोदी से पूछा 

मुंबई । कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप का उल्लेख कर कहा कि पीएम मोदी को बताना चाहिए कि क्या वह चव्हाण को जेल भेजने का अपना 10 साल पुराना वादा पूरा कब करने वाले है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, शनिवार को प्रधानमंत्री नांदेड़ और परभणी में सभा को संबोधित करने जा रहे हैं। उनसे हमारे सवाल हैं। क्या प्रधानमंत्री भाजपा के राज्यसभा सदस्य चव्हाण को जेल में डालने का अपना वादा निभाएंगे? मराठवाड़ा में सूखे और पानी की कमी से निपटने के लिए भाजपा के पास क्या योजना है? नांदेड़ मंडल में भारतीय रेलवे इतनी खराब स्थिति में क्यों है? उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री को 30 मार्च, 2014 को नांदेड़ में दिए गए अपने भाषण के शब्दों को याद करना चाहिए। तब उन्होंने तब के कांग्रेस नेता चव्हाण पर तीखा हमला बोला था, जो अब भाजपा वाशिंग मशीन योजना के नए लाभार्थी हैं। प्रधानमंत्री ने चव्हाण को आदर्श उम्मीदवार बताकर कहा था कि अगर वे प्रधानमंत्री बने, तब चव्हाण को छह महीने के भीतर जेल भेज दूंगा। चव्हाण का नाम महाराष्ट्र के बहुचर्चित आदर्श सोसाइटी घोटाले में आया था।
कांग्रेस नेता रमेश ने सवाल किया, क्या प्रधानमंत्री मोदी भाजपा को भी बेशर्म मानते हैं? क्या वह चव्हाण को जल्द ही क्लीन चिट दिलाने की तैयारी कर रहे हैं। क्या वे भाजपा के राज्यसभा सदस्य चव्हाण को जेल में डालने का अपना वादा पूरा करने वाले हैं। 
कांग्रेस नेता ने महाराष्ट्र के कुछ इलाकों के सूखाग्रस्त होने को लेकर भी प्रधानमंत्री से सवाल किए। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीने से सूखे की स्थिति से जूझने के बाद मराठवाड़ा क्षेत्र अब बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की चपेट में आ गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *