पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार चार दिवसीय यात्रा पर पहुंचे बीजिंग, शीर्ष चीनी नेताओं से करेंगे मुलाकात

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नवनियुक्त उपप्रधानमंत्री इशाक डार सोमवार को चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर बीजिंग पहुंचे हैं। इस दौरान वह शीर्ष चीनी नेताओं से मुलाकात करेंगे और दोनों सदाबहार मित्रों के बीच द्विपक्षीय रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।

पाकिस्तान के सरकारी एसोसिएटेड प्रेस ने बताया कि डार (जो विदेश मंत्री भी हैं) का महानिदेशक राजदूत वांग फू कांग और चीन में पाकिस्तान के राजदूत खलील हाशमी ने स्वागत किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा से पहले एक बयान में कहा कि डार शीर्ष चीनी नेताओं से मिलेंगे और अरबों डॉलर की चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना के उन्नयन सहित द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे।

दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर होगी चर्चा 

इसमें कहा गया है कि वह अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ 5वीं पाकिस्तान-चीन विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। बयान में कहा गया, "दोनों पक्ष आर्थिक और व्यापार सहयोग, उच्च स्तरीय आदान-प्रदान और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे के उन्नयन और भविष्य की कनेक्टिविटी पहल सहित पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे।"

दोनों देश के विदेश मंत्री प्रधानमंत्री शहबाज की यात्रा पर करेंगे चर्चा

बयान में यह भी उम्मीद जताया गया है कि दोनों विदेश मंत्री पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की बीजिंग यात्रा की संभावना पर चर्चा करेंगे। सीपीईसी, जो पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ग्वादर बंदरगाह को चीन के शिनजियांग प्रांत से जोड़ता है, भारत इसका विरोध कर रहा है क्योंकि इसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के माध्यम से बनाया जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *