मुजफ्फरपुर में पान दुकान से घर लौट रहे पोल्ट्री व्यवसायी की सीने में दागी गोली, इलाके में हड़कंप
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोयली भराव गांव में बीती रात पोल्ट्री फार्म व्यवसायी रणधीर कुमार की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणधीर कुमार पोल्ट्री फार्म के साथ-साथ भराव चौक पर पान की दुकान भी चलाते थे और लोगों को कर्ज पर पैसे देने का काम भी करते थे। देर रात वे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर उन्हें निशाना बनाया।
बाइक पर सवार थे हमलावर
बाइक सवार हमलावरों ने पीछा कर रणधीर कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें बाएं हाथ में दो और दाहिने सीने में एक गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल व्यवसायी को गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच ले गए। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी का बयान
मृतक की पत्नी चिंटू देवी ने पुलिस को बताया कि रणधीर को पिछले कई दिनों से फोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद से रणधीर का मोबाइल गायब है, जिससे अपराधियों द्वारा सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
रामपुर हरि थाना अध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
पूर्व राजद विधायक मुन्ना यादव समेत कई स्थानीय नेता एसकेएमसीएच पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस सुपारी किलिंग के एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ जारी है और शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में बढ़ते अपराध को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
