स्मार्ट सिटी और नगर निगम के बीच उलझीं भोपाल के न्यू मार्केट की स्ट्रीट लाइटें
भोपाल। राजधानी के न्यू मार्केट की रौनक इन दिनों अंधेरे में डूबती नजर आ रही है। शहर के सबसे बड़े और प्रमुख बाजारों में शामिल न्यू मार्केट में कई दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे यहां आने वाले ग्राहकों और रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खास बात यह है कि स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी को लेकर भोपाल स्मार्ट सिटी और भोपाल नगर निगम आमने-सामने हैं। दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जिसके कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा।न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के संजय वलेचा ने बताया कि बाजार की स्ट्रीट लाइटें कई दिनों से बंद हैं, जिससे कई हिस्सों में अंधेरा पसरा रहता है। विशेष रूप से रहवासी क्षेत्र में सुलभ कॉम्प्लेक्स से लेकर संत निवास तक लोगों को परेशानी हो रही है। बाजार आने वाले लोगों को सुलभ कॉम्प्लेक्स तक जाने में भी अंधेरे से गुजरना पड़ता है।
जिम्मेदारी को लेकर विभागों में असमंजस
स्मार्ट सिटी के इंजीनियर राजीव अग्निहोत्री का कहना है कि स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी नगर निगम की है। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था को स्मार्ट सिटी देख रही है।
दोनों विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने से न्यू मार्केट की समस्या जस की तस बनी हुई है।
