अमित शाह ने ली मणिपुर के हालात पर बैठक, सुरक्षा हालात की समीक्षा

नई दिल्ली । दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर के हालात पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मणिपुर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। मणिपुर में अस्थिर हालात पर केंद्रीय गृह मंत्रालय  नजर रखे हुए है। गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को मणिपुर में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री सोमवार को भी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले मणिपुर में अस्थिर हालात के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियां रद्द कर दी थीं। वे नागपुर से दिल्ली लौट आए थे। जानकारी के मुताबिक वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर विदर्भ क्षेत्र में चार रैलियां करने वाले थे। उनकी रैलियां रद्द करने के पीछे कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि यह मणिपुर में अस्थिर हालात की वजह से हो सकता है। अमित शाह की जगह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी ने इन रैलियों में हिस्सा लिया।  दरअसल, मणिपुर के जिरीबाम से सोमवार से लापता छह लोगों में से एक महिला और दो बच्चों के शव नदी में तैरते पाए गए थे। रविवार सुबह यह दावा किया जा रहा है कि यहां एक और महिला का शव मिला है। इसके बाद वहां बेकाबू भीड़ ने विधायकों के घरों पर आग लगा दी थी और मुख्यमंत्री निवास में घुसने का प्रयास भी किया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *