रायपुर में बाइक सवार ने महिला से चेन लूटी:घर के बाहर पानी भरने गई महिला से वारदात, पता पूछने के बहाने रोका

रायपुर, राजधानी रायपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खम्हारडीह इलाके में घर के बाहर पानी भर रही महिला से अज्ञात बदमाश ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता का नाम हेमलता वैध है। खम्हारडीह पुलिस के अनुसार घटना सुबह 6:40 बजे की है। शंकर नगर स्थित चावला टॉवर के पास रहने वाली हेमलता वैध 29 अप्रैल की सुबह करीब 6:40 बजे अपने घर के मुख्य गेट के पास पानी भरने के लिए पाइप लगा रही थीं।

इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और गोलछा अपार्टमेंट का पता पूछने लगा। महिला ने उसे पता बताया और जैसे ही वह अंदर जाने के लिए मुड़ीं, आरोपी ने पीछे से दौड़कर उनके गले में पहनी करीब 2 तोला वजनी सोने की चेन झपट ली।

90 हजार की थी चेन

अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास मौजूद गार्ड मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो चुका था। बताया जा रहा है कि झपटी गई सोने की चेन की कीमत करीब 90 हजार रुपए है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले से इलाके की रेकी कर चुका था। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *