कैबिनेट-मंत्री ने लिया है 108 नदियों के संरक्षण ​का संकल्प:नदी बचाने के लिए जन आंदोलन

मप्र के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को अपनी उद्गम मानस यात्रा का 102वां पड़ाव पूरा किया। वे डिंडोरी जिले के चौरा दादर (जनपद पंचायत करंजिया) स्थित सोन तीरथ नदी के उद्गम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने नदी पूजन और पौधरोपण किया।

इसके बाद वे अमरकंटक पहुंचे और मां नर्मदा के उद्गम गौमुख द्वार पर सपत्नीक पूजा-अर्चना कर 100वां संकल्प पूरा किया। मंत्री ने बताया कि गुरुवार को नर्मदा उद्गम पर पहुंचकर उन्होंने 100वां संकल्प पूरा किया। अब उनका लक्ष्य प्रदेश की 108 नदियों के उद्गम स्थलों तक पहुंचना और उनके संरक्षण का प्रयास करना है।

जल गंगा संवर्धन अभियान से प्रेरणा 

पटेल ने कहा कि यह यात्रा उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान से प्रेरणा लेकर शुरू की है। ‘नदी है तो सदी है’ का संदेश देते हुए मंत्री ने कहा कि छोटी नदियों और सहायक धाराओं का प्रवाह सुरक्षित रहेगा, तभी बड़ी नदियां जीवित रह पाएंगी।

पटेल ने ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन और वृक्षारोपण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने अफसरों को उद्गम स्थलों की स्वच्छता और विकास कार्यों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि यह सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जन आंदोलन है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *