धान खरीदी की व्यवस्था से खुश हैं किसान, केन्द्रों पर आसानी से हो रहे सब काम

बिलासपुर । 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी के लिए जिले के सभी केन्द्रों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसानों को धान बेचने में किसी तरह की समस्या न हो और अवैध रूप से धान की बिक्री न हो इसे लेकर प्रशासन द्वारा विशेष सजगता बरती जा रही है। सेंदरी उपार्जन केन्द्र में आए किसानों ने बताया कि केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध है और वे आसानी से धान की बिक्री कर रहे हैं। धान खरीदी के लिए धान उपार्जन केन्द्रों में प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। टोकन व्यवस्था को सुगम बनाया गया है। इसके साथ ही धान के उठाव की व्यवस्था भी केन्द्रों में की गई है। सेंदरी धान उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए किसान रामेश्वर प्रसाद प्रजापति ने बताया कि केन्द्र में किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं है और वे आसानी से टोकन कटाकर अपना धान बेच रहे हैं। रामेश्वर ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में कई कदम उठाए हैं जिसका लाभ उन्हें मिल रहा है। रमतला के किसान भुवन लाल मनहरण ने बताया कि केन्द्र में धान बेचने के लिए किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है और धान बेचने की प्रक्रिया में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। किसान राजकुमार कौशिक ने कहा कि सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है जिससे किसानों को सुविधा मिल रही है। समर्थन मूल्य और कृषि आदान सहायता मिलाकर प्रति क्विंटल 3100 रूपए मिलने से किसान खुश है। किसान बंशी लाल पटेल ने बताया कि सेंदरी उपार्जन केन्द्र में धान की सुरक्षा, बिजली व्यवस्था, पेयजल, प्रसाधन की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि सरकार के किसानों के हित में लिए गए कई निर्णयों से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर से 31 जनवरी 2025 तक धान खरीदी की जाएगी। जिसके लिए प्रशासन द्वारा धान खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएं की गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *