गोमतीनगर एक्सप्रेस में सिरकटी लाश ऑनर किलिंग केस! दो बहनों की लव मैरिज से नाराज था पिता, तीसरी को मार डाला

कुशीनगर: बिहार के छपरा से लखनऊ के गोमतीनगर आने वाली गोमतीनगर एक्सप्रेस में सिरकटी लाश मिलने का मामला सुलझ गया है। सिरकटी लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई थी। लड़की की बॉडी एक बक्से में रखी गई थी। गोमतीनगर एक्सप्रेस के एस-1 कोच में बक्सा मिलने से हड़कंप मच गया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। गोमतीनगर से छपरा तक के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके बाद जो खुलासा हुआ, वह हैरान करने वाला है। पूरा मामला ऑनर किलिंग का निकला है। दो बहनों की लव मैरिज से नाराज पिता के तीसरी बहन को मार डालने का खुलासा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?

छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में मिली किशोरी की सिरकटी लाश का मामला ऑनर किलिंग का निकला है। इस मामले में खुलासा हुआ है कि पिता ने ही अपनी 16 वर्षीय बेटी को मारा था। दरअसल, पिता अपनी दो बेटियों के प्रेम विवाह से पहले से नाराज था। तीसरी बेटी भी प्रेम जाल में घिरी हुई थी। इससे बौखलाए पिता ने बेटी को मारकर उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसमें उसके बहन-बहनोई ने भी पूरा साथ दिया।

सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट मुस्तकिल गांव के टोला जयपुर निवासी बिग्गन ई-रिक्शा चलाता है। इसी से उसके परिवार का भरण-पोषण होता है। बिग्गन की तीन बेटियां और दो बेटे थे। दो बेटियों ने पहले ही लव मैरिज कर लिया था। 16 वर्षीय तीसरी बेटी भी किसी युवक से बात करती थी। बिग्गन इससे काफी नाराज था। उसने बेटी कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। अंत में उसने बेटी को मार डाला।

ऐसे दिया घटना को अंजाम

जीआरपी की ओर से मामले के खुलासे के बाद बिग्गन को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि बेटी के लगातार बागी रुख को देखते हुए उसने उसकी हत्या की साजिश रची। पांच दिन पहले पत्नी और दोनों बेटों को रिश्तेदार के घर भेज दिया। घर पर तीसरी और बूढ़ी मां थी। 16 मई को बिग्गन ने पडरौना कोतवाली क्षेत्र के खिरकिया निवासी बहन नूरजहां, बहनोई मजबुल्लाह को बुलाया। उन्हें अपनी साजिश की जानकारी दी। वे भी बेटी की हत्या की साजिश में शामिल हो गए।

इसके बाद बिग्गन ने बेटी को 16 मई की शाम मार डाला। धारदार हथियार से उसके शव के कई टुकड़े कर दिए। बिग्गन ने बेटी के सिर को गांव के तालाब में फेंक दिया। शव के बाकी हिस्से को पुराने कपड़े और प्लास्टिक में लपेटा। उन्हें एक बक्से में रखा। इसके बाद तीनों ई-रिक्शा से तमकुहीराज रोड स्टेशन पहुंचे। उन्होंने छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में बक्से को ठिकाने लगा दिया।

सीसीटीवी में तस्वीर हो गई कैद

गोमतीनगर एक्सप्रेस के एस-1 कोच में बक्से को रखने के बाद बिग्गन और उसके बहन-बहनोई एसी कोच से बाहर निकले। इसी में वे फंस गए। एसी कोच में लगे सीसीटीवी कैमरे में उनकी तस्वीर कैद हो गई। फुटेज की मदद से तमकुहीराज आरपीएफ और कुशीनगर स्वाट टीम ने मृतका के पिता बिग्गन अंसारी को गिरफ्तार किया

पुलिस की सख्ती के आगे बिग्गन टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बिग्गन की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से तालाब से कटा हुआ सिर बरामद किया गया। साथ ही, हत्या में प्रयोग में लाए गए हथियार भी बरामद किए गए।

पड़ोसियों-मां भी भनक नहीं

बिग्गन ने बेटी की हत्या की प्लानिंग ऐसे की थी, किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। हत्याकांड को अंजाम दिए जाने के बाद बिना शिकन वह बेटी के शव को बक्से में भरकर चार किलोमीटर तक ई-रिक्शा से गया। पड़ोसियों और यहां तक की उसकी 90 वर्षीय मां भी इस कांड से अनजान रही। मंगलवार शाम पुलिस के गांव में पहुंचने के बाद लोगों को कांड का पता चला तो वे हैरान रह गए। वहीं, घर में पुलिस ने जब बुजुर्ग महिला से पूछा गया तो उन्होंने किशोरी के मां के साथ जाने की बात कही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *