करेले के घटिया बीज देने वाली हैदराबाद की कंपनी पर लगा बैन, खराब क्वालिटी पर FIR दर्ज, अब पूरे राज्य में होगी जांच
भोपाल। धार और खरगोन जिलों में किसानों को करेला का निम्न गुणवत्ता का बीज देने से किसानों की फसल को हुए नुकसान को देखते हुए बीज उपलब्ध कराने वाली कंपनी नुन्हेंस इंडिया हैदराबाद को प्रतिबंधित करने के साथ उसके विरुद्ध धार में आपराधिक भी दर्ज कराया गया है। उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर खाद-बीज बेचने वाली संस्थाओं की जांच की जाए।
कई हेक्टेयर क्षेत्र की फसल बर्बाद
इसके लिए संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिलों में भेजा जाए। उन्होंने बताया कि हैदराबाद की कंपनी नुन्हेंस इंडिया ने धार जिले धरमपुरी, उमरबन, मनावर, डही, कुक्षी एवं निसरपुर तथा खरगोन जिले के महेश्वर, बड़वाह एवं कसरावद विकासखंड के किसानों को करेला की रोबस्टा किस्म की बीज बेचे थे। धार जिले में 84 और खरगोन जिले में 110 हेक्टेयर क्षेत्र में करेला की फसल लगाई गई थी।
फल खुद ही टूटकर गिरने लगे
80 से 90 दिन के बाद भी फसल निम्न गुणवत्ता के साथ आई। फल पीले पढ़कर स्वयं ही बेल से टूटकर गिरने लगे। किसानों की शिकायत पर संयुक्त दल गठित कर जांच कराई गई। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई और विभिन्न प्रविधानों का उल्लंघन पाए जाने पर कंपनी के बीज को आगामी आदेश तक धार और खरगोन जिले में विक्रय, भंडारण परिवहन के लिए प्रतिबंधित कर दिया।
