मैदानी क्षेत्र में देश में सबसे ठंडा रहा इंदौर, 14 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा

भोपाल। मौसम अब धीरे-धीरे शुष्क होने लगा है। वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली भी सक्रिय नहीं है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को प्रदेश के शेष क्षेत्रों (रीवा, शहडोल एवं जबलपुर संभाग के कुछ हिस्से) से भी मानसून वापस हो जाने की संभावना है। आसमान साफ होने के कारण अब रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला भी बना हुआ है।

इसी क्रम में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात प्रदेश में सबसे कम 14 डिग्री सेल्सियस तापमान इंदौर में दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी क्षेत्रों में रात का सबसे कम तापमान रहा। साथ ही यह पिछले 12 वर्षों में अक्टूबर के 12 दिनों में इंदौर का सबसे कम तापमान भी है। प्रदेश के 30 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

दिन का सबसे अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

इसके अतिरिक्त अन्य कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि इंदौर देश के मैदानी क्षेत्र के शहरों में सबसे ठंडा रहा। दूसरे नंबर पर कानपुर (14.8 डिग्री), तीसरे नंबर पर नौगांव (15.3 डिग्री) एवं चौथे नंबर पर धार (15.5 डिग्री) रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *