हमारे राष्ट्रपति बन गए हैं युद्ध अपराधी: रहेग्लेब काराकुलोव

मास्को । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की खुफिया व्यक्तिगत सुरक्षा सेवा के अधिकारी रहेग्लेब काराकुलोव ने युद्ध के दौरान ही उनका साथ छोड़ दिया और कजाखिस्तान से तुर्की की उड़ान भर ली। काराकुलोव ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे राष्ट्रपति युद्ध अपराधी बन गए हैं। अब इस युद्ध (रूस-युक्रेन युद्ध) को समाप्त करने और शांत रहने का समय आ गया है। काराकुलोव कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं। वह पुतिन के उस सुरक्षा घेरे का हिस्सा थे जहां तक देश के कुछ चुनिंदा लोगों की ही पहुंच होती है। उनके पास पुतिन के जीवन के अंतरंग विवरण के साथ ही संभावित रूप से कई गोपनीय जानकारियां भी होंगी। 
काराकुलोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति को एक बार करिश्माई नेता के रूप में मान सकते हैं, लेकिन वो तेजी से अलग-थलग पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो (पुतिन) सेल फोन या इंटरनेट का उपयोग नहीं करते हैं और जहां कहीं भी जाते हैं रूसी सरकारी टेलीविजन की पहुंच पर जोर देते हैं। उन्होंने बताया कि पुतिन अब हवाई जहाज से सफर करने से बचते हैं और एक विशेष बख्तरबंद ट्रेन में यात्रा करते हैं। संघीय सुरक्षा सेवा या एफएसओ के राष्ट्रपति संचार विभाग की एक फील्ड यूनिट में इंजीनियर के रूप में काराकुलोव रूसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए सुरक्षित संचार तंत्र स्थापित करने के लिए जिम्मेदार थे। हालांकि, वो पुतिन के विश्वासपात्र नहीं थे, लेकिन उन्होंने वर्षों राष्ट्रपति के लिये काम किया है। उन्होंने 2009 से 2022 के अंत तक पुतिन के कार्यकाल में काम किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *