ऊषा उत्थुप ने ममता बनर्जी की हार पर कसा तंज? ‘दीदी गो’ गाने पर मचा बवाल तो दी सफाई- बेवजह मत घसीटो

हाल ही हुए पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनावों में ममता बनर्जी की पार्टी को मुंह की खानी पड़ी थी। उनकी करारी हार पर जहां एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी ने नाम लिए बिना तंज कसा था, वहीं सिंगर ऊषा उत्थुप ने भी मजाक उड़ाया था। सोशल मीडिया पर ऊषा उत्थुप के एक कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे लेकर कई यूजर्स ने दावा किया है कि इसमें ऊषा उत्थुप ने ममता बनर्जी की हार का मजाक उड़ाते हुए गाना गाया है। वीडियो में ऊषा उत्थुप एक गाना गाते हुए नजर आ रही हैं, जिसमें बीच में बोल आते हैं ‘दीदी गो’…इसी के कारण ऊषा उत्थुप विवादों में फंस गई हैं और अब वेटरन सिंगर ने इस पर सफाई दी है।

ऊषा उत्थुप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है, जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि बेवजह उन्हें किसी तरह के विवाद में न घसीटा जाए और इससे उनका कुछ लेना-देना नहीं हैं।

ऊषा उत्थुप ने ‘दीदी गो’ गाने के विवाद पर दी सफाई

ऊषा उत्थुप ने लिखा, ‘मेरे बारे में ट्विटर (X), इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है, और मैं यह क्लियर करना चाहती हूं कि उस पोस्ट में कही गई कई बातें गलत और भ्रामक हैं। जिस गाने की बात हो रही है, वह एक बंगाली गाना है, जो कई साल पहले बनाया गया था, और जो एक अरबी धुन से प्रेरित है। मैं पिछले दो दशकों से इसे केवल एक म्यूजिकल रेंडिशन के रूप में गा रही हूं।’

‘1976 से कोलकाता में रह रही, बेवजह विवादों में न घसीटें’

ऊषा उत्थुप ने आगे लिखा है, ‘मैं यह क्लियर करना चाहती हूं कि मैं 1976 से कोलकाता में रह रही हूं और तब से मैं कोलकाता छोड़कर मुंबई नहीं गई। मैं यहीं रह रही हूं। कोलकाता हमेशा से मेरा घर रहा है, और मैं इस शहर और यहां के लोगों के प्रति अपार प्रेम के साथ यहीं रहती और काम करती हूं। उस पोस्ट में सर्कुलेट किए जा रहे इंटप्रिटेशंस, कमेंट्स और नैरेटिव्स पूरी तरह से मेरे नहीं हैं। मैं न तो उनसे किसी भी प्रकार से संबंधित हूं और ना ही उनकी कोई जिम्मेदारी लेती हूं। प्लीज मुझे उन विवादों में बेवजह न घसीटें, जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है।’

मालूम हो कि जिस अरबी धुन पर ऊषा उत्थुप का गाया ये बंगाली गाना आधारित है, वह हाल ही आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह की एंट्री पर सुनने को मिला था। इस गाने के वीडियो को एक यूजर ने 10 मई को X पर शेयर किया, और लिखा था, ‘दीदी के बंगाल छोड़ने की खुशी में ऊषा उत्थुप ने ‘दीदी गो’ गाना गाकर खूब मस्ती की। गौरतलब है कि टीएमसी शासन के दौरान उनसे कथित तौर पर उनके परफॉर्मेंस के लिए कमीशन की मांग की गई थी, जिसके कारण वह परेशान होकर मुंबई चली गईं थीं। अब वह वापस लौट आई हैं।’ हालांकि, ऊषा उत्थुप का कहना है कि वह हमेशा से कोलकाता में रह रही हैं और उन्हें यहां के लोगों से प्यार है।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *