Diljit Dosanjh की पत्‍नी पहले से है अमेरिकी नागरिक, पंजाबी सिंगर के पास भी 2022 से US पासपोर्ट

क्‍या दिलजीत दोसांझ इंडियन नहीं, अमेरिकी हैं? जी हां, देश और दुनिया में ‘मैं हूं पंजाब’ का नारा बुलंद करने वाले सुपरस्‍टार पंजाबी सिंगर की नागरिकता पर सवाल उठ रहे हैं। यह सब हाल ही उनके पंजाब की राजनीति में शामिल होने के प्रस्ताव को ठुकराने के बाद हुआ है। एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिलजीत दोसांझ कथित तौर पर साल 2022 से ही अमेरिकी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि अमेरिकी नागर‍िक होने के कारण ही सिंगर ने पंजाब के मुख्‍यमंत्री भगवंत मान के राजनीति में एंट्री के ऑफर को ठुकरा दिया। यही नहीं, सिंगर की पत्‍नी पहले से ही अमेरिकी नागरिक हैं।

दिलजीत दोसांझ को लेकर यह दावा ऐसे समय में भी आया है, जब उनके मैनेजर गुरप्रताप कंग के करनाल स्थित घर पर 12 मई को फायरिंग हुई है। इस वारदात के बाद जहां सीआईए और एसटीएफ टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं, वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्‍मेदारी ली है। बिश्नोई गैंग के टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

दिलजीत दोसांझ ने 2022 में छोड़ दी भारतीय नागरिकता: दावा

बहरहाल, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट मुताबिक, दिलजीत दोसांझ ने भारत की नागरिकता छोड़ दी है और उनके पास अब अमेरिका की नागरिकता है। इसमें बताया गया है कि दोसांझ सितंबर 2022 से ई-वीजा पर भारत आ रहे हैं। इससे यह पता चलता है कि उनके पास ‘ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया’ (OCI) कार्ड भी नहीं है। इसमें आगे यह भी दावा किया गया है कि भारत की अपनी सबसे हालिया यात्रा के दौरान भी सिंगर ने अपने US पासपोर्ट का ही इस्तेमाल किया था।

दिलजीत को 2018 में जारी किया था आख‍िरी भारतीय पासपोर्ट

यह खबर यकीनन दिलजीत दोसांझ के करोड़ों फैंस के लिए दिल तोड़ने वाली है, क्‍योंकि सिंगर बड़े गर्व से ‘मैं हूं पंजाब’ का नारा बुलंद करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह देश-विदेश के मंचों पर खुद को पंजाब की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय जड़ों से जुड़ा हुआ बताते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत ने साल 2022 में ही US की नागरिकता हासिल कर ली थी। उनका आखिरी भारतीय पासपोर्ट 2018 में मुंबई में जारी किया गया था। उससे पहले, उनका भारतीय पासपोर्ट जाम्बिया में जारी किया गया था।

दिलजीत दोसांझ की पत्‍नी के पास भी अमेरिकी नागरिकता

यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि दिलजीत दोसांझ की पत्नी संदीप कौर भी अमेरिका की ही नागरिक हैं। US की नागरिकता हासिल करते समय उन्होंने कैलिफोर्निया के एक पॉश इलाके में स्थित अपने घर का पता दिया था, जो 5 बेडरूम वाला 3107 वर्ग मीटर का एक बंगला है।

दिलजीत दोसांझ ने कहा- राजनीति कभी नहीं!

जानकारी के लिए बता दें कि दिलजीत दोसांझ की नागरिकता को लेकर यह रिपोर्ट, पंजाब के रिटायर्ड IAS अधिकारियों, रक्षा कर्मियों और प्रोफेशनल्स के एक ग्रुप द्वारा राजनीति में आने की अपील करने के कुछ दिनों बाद आई है। हालांकि, सिंगर ने X पर एक छोटे से जवाब के साथ इस अपील को ठुकरा दिया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘कभी नहीं। मेरा काम मनोरंजन करना है।’

दिलजीत दोसांझ ने नागरिकता पर नहीं की कभी कोई बात

दिलजीत दोसांझ को लेकर इस खुलासे ने फैंस को झटका दिया है। वह अपने Aura World Tour और Dil-Luminati Tour के दौरान अक्सर खुद को ‘मैं हूं पंजाब’ कहकर पुकारते हैं। हालांकि, उन्होंने खुद कभी भारत की नागरिकता छोड़ने या अमेरिका की नागरिकता हासिल करने के बारे में सार्वजनिक तौर पर कोई बात नहीं की है।

‘बॉर्डर 2’ में वायु सेना अध‍िकारी बने थे दिलजीत दोसांझ

दिलचस्प बात यह भी है कि यदि इन दावों में सच्‍चाई है, तब अमेरिकी नागरिक बनने के बाद भी दिलजीत दोसांझ भारतीय सिनेमा में लगातार काम कर रहे हैं। इसी साल की शुरुआत में वह सनी देओल के साथ फ‍िल्म ‘बॉर्डर 2’ में नजर आए। इसमें उन्होंने फ्लाइंग ऑफ‍िसर निर्मल जीत सिंह सेखों का किरदार निभाया था, जो भारतीय वायु सेना के एकमात्र ऐसे अधिकारी थे, जिन्हें भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से सम्मानित किया गया।

खालिस्‍तानी नेता ने दिलजीत को दी धमकी

पिछले हफ्ते भी दिलजीत सुर्ख‍ियों में थे। खालिस्तान समर्थक अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सिंगर को धमकी दी थी। वह भारत द्वारा प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ का एक नेता है। दिलजीत दोसांझ को यह धमकी इसलिए दी गई, क्योंकि उन्‍होंने कनाडा के वैंकूवर और कैलगरी शहरों में अपने कॉन्सर्ट के दौरान झंडे लहरा रहे खालिस्तान समर्थकों को डांटा था।

क्‍या कहता है नागरिकता को लेकर भारतीय कानून

देश के कानून के तहत, भारतीय नागरिकता चाहने वाले विदेशी नागरिकों को नागरिकता अधिनियम की शर्तों को पूरा करना होता है, जिसमें आवेदन करने से पहले भारत में एक तय समय तक रहना शामिल है। साथ ही भारत में दोहरी नागरिकता का नियम नहीं है। यानी यदि कोई दूसरे देश की नागरिकता लेता है, तो उसे भारत की नागर‍िकता छोड़नी पड़ेगी।

दिलजीत का जन्‍म, परिवार और करियर

पंजाब के जालंधर के दोसांझ कलां गांव में 06 जनवरी 1985 को जन्मे दिलजीत के पिता का नाम बलबीर सिंह और मां सुखविंदर कौर हैं। उनका पहला मशहूर म्यूजिक एल्बम ‘इश्क दा उड़ा अड़ा’ 2004 में रिलीज हुआ था। बाद में G.O.A.T., MoonChild Era, Ghost, Ishq Da Uda Ada जैसे एल्‍बम से शोहरत मिली। उन्‍होंने एक्‍ट‍िंग में पंजाबी फिल्‍म ‘द लायन ऑफ पंजाब’ (2011) से डेब्‍यू किया और देखते ही देखते पंजाबी और हिंदी सिनेमा में बड़ी पहचान बन गए। हिंदी फिल्‍म ‘उड़ता पंजाब’ (2016) के लिए उन्‍हें ‘बेस्ट मेल डेब्यू’ का फ‍िल्मफ़ेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।हाल ही, ‘द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फैलन’ में नजर आने वाले दिलजीत को कोचेला में परफॉर्म करने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *