थलपति विजय ने तमिलनाडु के सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को दिया तोहफा,

चेन्नई: थलपति विजय (Thalapathy Vijay) की अगुवाई वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार ने तमिलनाडु के सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने गुरुवार को सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, इस संशोधन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह इजाफा एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।

अतिरिक्त धनराशि आवंटित करेगी सरकार
इसमें कहा गया है कि सरकार आवश्यक अतिरिक्त धनराशि आवंटित करेगी और सरकारी अधिकारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करेगी। साथ ही कहा गया है कि विजय ने लोगों के लिए अलग-अलग कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने के लिए कदम उठाने का संकल्प लिया है।

महिला लाभार्थियों को 1,000 रुपये की किस्त जल्द मिलेगी
इसके अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने कहा कि महिलाओं को ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना की मई माह की किस्त जल्द ही दी जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाते हैं। इसकी शुरुआत पूर्ववर्ती द्रविड मुनेत्र कषगम सरकार ने की थी और इसका नाम पार्टी के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया।

योजना पर क्या बोली सरकार?
विजय के हवाले से जारी सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी। इसमें कहा गया कि सरकार को ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना के पुनर्गठन के लिए समय चाहिए, जिसके तहत महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *