मोदी की गारंटी पूरी दुनिया देख रही…सीएए इसका उदाहरण 

आजमगढ़ । लोकसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आजमगढ़ की रैली में कहा कि मैं पहली बार देख रहा हूं कि दुनियाभर के अखबारों में पहले पेज पर भारत के चुनाव को लेकर खबरें छाई हुई हैं। भारत की पहचान, भारत का महत्मय दुनिया के लिए भी कितना मायने रखता है, इसका ये परिचय है। दुनिया देख रही है कि जनता-जनार्दन का आशीर्वाद भाजपा-एनडीए पर है। देश में 140 करोड़ लोगों को मोदी की गारंटी पर भरोसा है। मोदी की गारंटी का मतलब सीएए कानून। मोदी की गारंटी पूरी दुनिया देख रही है। अब सीएए कानून को कोई खत्‍म नहीं कर सकता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी की गारंटी का मतलब क्या होता है, इसका ताजा उदाहरण सीएए कानून है। बुधवार को ही सीएए कानून के तहत शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का काम शुरू हो चुका है। ये वे लोग हैं, जो शरणार्थी बनकर लंबे अर्से से हमारे देश में रह रहे हैं, ये वे लोग हैं, जो धर्म के आधार पर हुए भारत के बंटवारे का शिकार हुए थे। इन शरणार्थियों पर वहां  जुल्म हुआ ही, लेकिन वोट बैंक की राजनीति में डूबी यहां की सरकारों व उनके साथियों ने भी इन पर जुल्म करने में कोई कमी नहीं रखी।
कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने देश को 7 दशक तक सांप्रदायिकता की आग में जूझने के लिए मजबूर किया था। मोदी ने कश्मीर में शांति की गारंटी दी थी। मोदी ने 370 की दीवार गिरा दी। पहले चुनाव आते थे तब हड़तालें होती थीं, आतंकी धमकी देते थे, लेकिन इस बार श्रीनगर में पिछले अनेक चुनावों के रिकॉर्ड टूट गए। सपा-कांग्रेस, दल दो हैं, लेकिन दुकान एक ही है। ये झूठ का सामान बेचते हैं, ये तुष्टिकरण का, परिवारवाद का और भ्रष्टाचार का सामान बेचते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *