भोपाल में पुख्ता सुरक्षा इंतेजामों के बीच होगा गणेश विसर्जन
भोपाल में गणेश विसर्जन के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे, जिसमें प्रमुख घाटों पर CCTV कैमरे, गोताखोर, फायर ब्रिगेड और क्रेन तैनात रहेंगे। बड़ी मूर्तियों को क्रेन से विसर्जित किया जाएगा और श्रद्धालुओं को विसर्जन घाटों पर जाने की अनुमति नहीं होगी। छोटी मूर्तियों के लिए अस्थाई कुंड बनाए गए हैं। नगर निगम और पुलिस प्रशासन मिलकर ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन का काम संभालेंगे।
अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोर और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी
पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया कि प्रमुख विसर्जन घाटों पर सुरक्षा निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। नदी या तालाब में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोर और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात रहेंगी। बड़ी मूर्तियों के विसर्जन के लिए घाटों पर क्रेन और हाइड्रोलिक क्रेन की व्यवस्था की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य विसर्जन मार्गों और घाटों के आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
ऐसी होगी विसर्जन की व्यवस्था
छोटी मूर्तियों के विसर्जन के लिए नगर निगम द्वारा अस्थाई कुंड बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु अपनी मूर्तियां दे सकते हैं। बड़ी मूर्तियों को घाटों पर बनी क्रेन की सहायता से विसर्जित किया जाएगा। पूजा सामग्री को अलग से एकत्रित किया जाएगा और उसे नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाएगा।
बता दें कि प्रेमपुरा घाट, खटलापुरा घाट, शाहपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, रानी कमलापति घाट शहर के प्रमुख घाट हैं। जहां सुरक्षा के खास इंतेजाम किए गए हैं।
